जमशेदपुर: कोल्हान रेंज के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा शनिवार को जमशेदपुर पहुंचे। यहां उन्होंने एसपी कार्यालय के सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।बैठक में एसएसपी, सिटी एसपी, सभी थाना क्षेत्रों के डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान जिले में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
तीन वर्षों के फायरिंग मामलों की समीक्षा
डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि बैठक में पिछले तीन वर्षों में हुई फायरिंग की घटनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान पाया गया कि कुल 35 मामले अभी भी लंबित हैं, जिन्हें जल्द निष्पादित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
अब तक 120 हथियार जब्त
डीआईजी ने जानकारी दी कि अपराध नियंत्रण के अभियान के तहत पुलिस ने अब तक 120 अवैध हथियार (आर्म्स) जब्त किए हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
अपराध नियंत्रण के लिए सख्त निर्देश
बैठक में डीआईजी ने सभी वरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाए ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
