टाटानगर जंक्शन पर ट्रेनों की लेटलतीफी के खिलाफ आंदोलन तेज होगा, विधायक सरयू राय की बैठक में फैसला

जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे जंक्शन पर ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी को लेकर आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम से यह सवाल पूछा जाएगा कि यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को आगे बढ़ाने का आदेश किसके निर्देश पर दिया जा रहा है।यह फैसला जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में आयोजित रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने की, जबकि विधायक सरयू राय विशेष रूप से मौजूद रहे।

यात्री ट्रेनों की समय सारणी तय, मालगाड़ियों की नहीं

बैठक में कहा गया कि यात्री ट्रेनों की तय समय सारणी होती है, जबकि मालगाड़ियों की कोई निश्चित समय सारणी नहीं होती। ऐसे में सवाल उठाया गया कि जब रेलवे के पास पर्याप्त इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है, तो मालगाड़ियों की संख्या बढ़ाने का आधार क्या है।समिति ने तय किया कि जल्द ही एक शिष्टमंडल चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम को ज्ञापन सौंपेगा। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि भारतीय रेलवे के रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और रेल महाप्रबंधक को भी भेजी जाएगी।

स्टेशनों पर हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय

बैठक में यह भी तय हुआ कि ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों का हस्ताक्षर और फीडबैक लिया जाएगा। इसके लिए एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।इस अभियान के तहत कार्यकर्ता विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर मौजूद रहेंगे, जिनमें प्रमुख रूप से टाटानगर जंक्शन,आदित्यपुर रेलवे स्टेशन,गोविंदपुर रेलवे स्टेशन,सलगा झरी रेलवे स्टेशन,
कांड्रा रेलवे स्टेशन और गम्हरिया रेलवे स्टेशन में कार्यकर्ता स्टेशनों के अलावा ट्रेनों के अंदर जाकर भी यात्रियों से ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर फीडबैक लेंगे।

रेलमंत्री के आदेश की अवहेलना का आरोप

बैठक में कहा गया कि रेल मंत्री यात्री सुविधा की बात करते हैं, लेकिन डीआरएम के स्तर पर लिए जा रहे फैसलों से यात्रियों को परेशानी हो रही है। सवाल उठाया गया कि घंटों लेट चलने वाली ट्रेनें यात्रियों के लिए सुविधा हैं या असुविधा?समिति ने यह भी कहा कि धरना के 10 दिनों के बाद भी टाटानगर जंक्शन पर ट्रेनों की लेटलतीफी में कोई सुधार नहीं हुआ है। यात्रियों से लगातार फोन, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के माध्यम से ट्रेनों के देर से आने की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे यात्रियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद

बैठक में मुकेश मित्तल, सुबोध श्रीवास्तव, मुकुल मिश्रा, अजय कुमार, सतीश कुमार सिंह, नीरज सिंह, कुलविंदर सिंह, अमित शर्मा, अमृता मिश्रा, उषा यादव, अजय गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, जीतेंद्र सिंह, आफताब अहमद सिद्दिकी, रवींद्र कुमार सिंह और अनिल प्रकाश सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

More From Author

टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन उपचुनाव: इआरसी सीट से सुनील प्रसाद 56 वोट पाकर विजयी

जमशेदपुर पहुंचे कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, फायरिंग मामलों की हुई समीक्षा