जमशेदपुर: शहर में चापड़ से हमले की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सोनारी थाना क्षेत्र का है, जहां जमीन विवाद को लेकर एक बिल्डर पर घर मालिक पर चापड़ से हमला करने का आरोप लगा है।हमले में घायल युवक देबू दास, जो पेशे से सिक्योरिटी कर्मी है, लहूलुहान हालत में अपनी और परिवार की जान बचाने की गुहार लेकर सीधे सिटी एसपी कार्यालय पहुंच गया।
पुरखों की जमीन को लेकर चल रहा विवाद
घायल देबू दास ने बताया कि उनका परिवार सोनारी दास बस्ती में पुरखों के समय से रह रहा है। वर्ष 2017 से पड़ोस में रहने वाले रामअवध शुक्ला, जो पेशे से बिल्डर हैं, उनके घर पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।इस मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच कोर्ट में मामला भी लंबित है। आरोप है कि केस वापस लेने के लिए आरोपी अक्सर विवाद करता रहा है।
लाठी-डंडे और चापड़ से हमला, अगवा करने की कोशिश
घायल युवक के अनुसार घटना के दिन आरोपी 4-5 लोगों के साथ घर पहुंचा और लाठी-डंडे व चापड़ से हमला कर दिया।इतना ही नहीं, हमलावरों ने उसे अगवा करने की भी कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहा।
थाना में नहीं सुनी गई शिकायत
पीड़ित का आरोप है कि वह अपनी मां के साथ थाना पहुंचा, लेकिन पुलिस ने यह कहकर मामला टाल दिया कि केस कोर्ट में चल रहा है।इसके बाद वह लहूलुहान हालत में सिटी एसपी के पास पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा सुरक्षा की मांग की।
पुलिस कार्रवाई की मांग, सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही चापड़बाजी की घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
