जमशेदपुर: झारखंड स्टेट बार काउंसिल के पांच वर्ष में एक बार होने वाले चुनाव में इस बार जमशेदपुर के अनिल कुमार तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की है। उनकी जीत की खबर मिलते ही शहर के अधिवक्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।गुरुवार को कोर्ट परिसर में उनके समर्थकों ने गाजे-बाजे और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
677 वोट के साथ हुए चयनित
जानकारी के अनुसार इस चुनाव में कुल 25 प्रत्याशियों का चयन होना है और 677 वोट प्राप्त करने वाले उम्मीदवार को निर्वाचित घोषित किया जाता है।बीते दिन हुई मतगणना में अनिल तिवारी ने 677 वोट हासिल कर यह आंकड़ा पार कर लिया, जिसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें चयनित घोषित कर दिया।
कड़े मुकाबले में बनाए रखी बढ़त
जमशेदपुर बार एसोसिएशन से वाइस चेयरमैन समेत कई पुरुष और महिला अधिवक्ताओं ने चुनाव लड़ा था। शुरुआती दौर में कई प्रत्याशी पीछे रह गए, लेकिन अनिल तिवारी और राजेश शुक्ला के बीच मुकाबला बना रहा।चार चरणों की गिनती के बाद ही अनिल तिवारी बंपर वोट के साथ छठे स्थान पर पहुंच गए, जबकि राजेश शुक्ला 21वें स्थान पर खिसक गए।
चेयरमैन बनने पर वेलफेयर स्कीम पर जोर
चयनित घोषित होने के बाद अनिल तिवारी ने कहा कि यदि वे चेयरमैन बनते हैं, तो अधिवक्ताओं के विकास के लिए वेलफेयर स्कीम लागू करने पर काम करेंगे।उन्होंने यह भी कहा कि लंबे समय से लंबित झारखंड अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम को लागू कराने का प्रयास करेंगे।
महिलाओं की बढ़ी भागीदारी
अनिल तिवारी ने बताया कि इस बार 30% महिला आरक्षण के तहत पांच महिलाएं पहले ही चयनित हो चुकी हैं, जबकि दो महिलाओं का चयन काउंसिल द्वारा किया जाएगा। इससे अधिवक्ताओं के बीच महिला भागीदारी बढ़ेगी।
काउंटिंग जारी, चेयरमैन पद पर नजर
हालांकि अभी मतगणना पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। ऐसे में चेयरमैन पद को लेकर अंतिम स्थिति काउंटिंग पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।फिलहाल जमशेदपुर के अधिवक्ताओं के बीच अनिल तिवारी की जीत को लेकर उत्साह का माहौल है और उन्हें मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
