जमशेदपुर: वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल का भव्य अभिनंदन, बार काउंसिल में तीसरी बार जीत पर वकीलों ने जताया हर्ष

जमशेदपुर : जमशेदपुर के नए कोर्ट परिसर में मंगलवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन और वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ल का भव्य अभिनंदन किया गया। झारखंड स्टेट बार काउंसिल के लिए लगातार तीसरी बार निर्वाचित होकर उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

“अधिवक्ताओं के गौरव हैं राजेश शुक्ल”

पूर्व लोक अभियोजक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जयप्रकाश के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने राजेश कुमार शुक्ल को फूल-मालाओं से लाद दिया। इस दौरान जयप्रकाश ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा “राजेश कुमार शुक्ल झारखंड के अधिवक्ताओं के लिए गौरव का प्रतीक हैं। पिछले 14 वर्षों में वाइस चेयरमैन और चेयरमैन के रूप में उन्होंने वकीलों के हितों और उनके कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जो कार्य किए हैं, वे उल्लेखनीय हैं।”

निष्ठा से सेवा जारी रखने का संकल्प

सम्मान से अभिभूत राजेश कुमार शुक्ल ने सभी सहयोगियों और अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह जीत उनकी नहीं, बल्कि राज्य के उन तमाम अधिवक्ताओं की है जिन्होंने उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे भविष्य में भी अधिवक्ताओं के अधिकारों की रक्षा और उनके सामाजिक सुरक्षा लाभों के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।

अधिवक्ताओं की भारी मौजूदगी

अभिनंदन समारोह के दौरान जमशेदपुर बार एसोसिएशन से जुड़े बड़ी संख्या में वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे। अधिवक्ताओं ने कहा कि राजेश शुक्ल के पुनः निर्वाचन से बार काउंसिल में अधिवक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद जगी है।

More From Author

बागबेड़ा में रेलवे की कार्रवाई पर भारी बवाल:इंजीनियरिंग टीम के साथ हाथापाई; विरोध के कारण टला अतिक्रमण अभियान

जुगसलाई: नगर परिषद कार्यालय का घेराव, पार्षद के खिलाफ प्रदर्शन