कैंसर से जंग लड़ रही 11 वर्षीय लक्ष्मी:एमओयू खत्म होने से इलाज ठप; कांग्रेस नेता डॉ. परितोष ने सीएम और स्वास्थ्य मंत्री से लगाई गुहार

जमशेदपुर : पूर्वी छोटागोविंदपुर (सनातनपुर गांव) की 11 वर्षीय आदिवासी बच्ची लक्ष्मी मुंडा ‘एक्यूट ब्लड कैंसर’ जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रही है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की इस बच्ची का इलाज सरकारी तकनीकी खामियों के कारण रुक गया है, जिससे उसकी जान पर बन आई है।

एमओयू की समाप्ति बनी इलाज में बाधा

जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस नेता डॉ. परितोष सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया की मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत लक्ष्मी का इलाज टाटा कैंसर अस्पताल में होना सुनिश्चित था। स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल के बीच इलाज को लेकर हुआ समझौता 17 मार्च 2026 को समाप्त हो चुका है। इसके नवीनीकरण न होने के कारण अस्पताल ने योजना के तहत इलाज की सुविधा बंद कर दी है। डॉ. सिंह के अनुसार, कई अस्पतालों के साथ एमओयू 2022 से ही लंबित है और हर साल केवल एक्सटेंशन (विस्तार) के भरोसे काम चल रहा था, जो अब पूरी तरह रुक गया है।

सरकार से सीधी मांग: “युद्ध स्तर पर हो काम”

डॉ. परितोष सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को ट्वीट कर इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया है। उनकी मुख्य मांगें निम्नलिखित हैं जिसमे टाटा कैंसर अस्पताल समेत जमशेदपुर के अन्य अस्पतालों के साथ स्वास्थ्य विभाग के लंबित एमओयू को युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए। जिला प्रशासन और सिविल सर्जन इस मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करें ताकि लक्ष्मी मुंडा को बिना देरी इलाज मिल सके।डॉ. सिंह ने मांग की कि ऐसी तकनीकी खामियों की सजा गरीब मरीजों को न मिले, इसके लिए एक स्थायी व्यवस्था बनाई जाए।

“बच्ची की रक्षा हमारी प्रतिबद्धता”

लक्ष्मी के परिवार से मुलाकात के बाद डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि एक आदिवासी बच्ची का इलाज सिर्फ कागजी कार्रवाई की वजह से रुकना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे और उनकी पार्टी बच्ची के जीवन की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और यदि जरूरत पड़ी तो इसे लेकर सड़क से सदन तक आवाज उठाई जाएगी।

More From Author

जमशेदपुर में फायरिंग मामले का खुलासा, अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार