जमशेदपुर:जमशेदपुर के टाटा-हाता मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पोटका थाना क्षेत्र के तुड़ी दास धर्मकांटा के समीप एक मारुति 800 कार और 609 मालवाहक ट्रक के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ही वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गए
कार के उड़े परखच्चे, 5 लोग घायल
हादसे के वक्त कार में तीन युवक सवार थे जो जमशेदपुर की ओर आ रहे थे। टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार युवकों की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के तुपुडांग निवासी विक्की भूमिज, सन्नी गागराई और कार्तिक सामाद के रूप में हुई है। हादसे में कार सवार तीनों युवकों समेत कुल 5 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और फौरन पोटका थाना पुलिस को सूचित किया। पोटका पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और आनन-फानन में सदर अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मारुति कार और मालवाहक ट्रक को जब्त कर लिया है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह!
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार और वाहनों का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। टाटा-हाता मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार गाड़ियों के कारण संतुलन बिगड़ने की शिकायतें आती रहती हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या तकनीकी खराबी या गलत ओवरटेकिंग की वजह से यह भिड़ंत हुई।
इलाके में दहशत का माहौल
तुड़ी दास धर्मकांटा के पास हुई इस भीषण टक्कर से मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति सीमा तय करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
