जमशेदपुर: जल संकट और बिजली कटौती के खिलाफ कल डीसी कार्यालय का घेराव करेगी भाजपा, सुंदर नगर मंडल की बैठक में बनी रणनीति

जमशेदपुर : भाजपा सुंदर नगर मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को परसुडीह स्थित लोकनाथ भवन में आयोजित की गई। मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य रूप से क्षेत्र की विकराल पानी और बिजली की समस्याओं पर चर्चा की गई और आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय की गई।

बागबेड़ा-गोविंदपुर जलापूर्ति योजना: “भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी योजना”

बैठक को संबोधित करते हुए सुंदर नगर मंडल के प्रभारी और वरिष्ठ नेता सुबोध झा ने राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बागबेड़ा और छोटा गोविंदपुर ग्रामीण जलापूर्ति योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। भारत सरकार और वर्ल्ड बैंक के करोड़ों रुपये का गबन हो चुका है। पिछले 11 वर्षों से सवा दो लाख की आबादी बूंद-बूंद पानी को तरस रही है। उन्होंने मंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र की बिजली-पानी की समस्याओं की सूची तैयार कर जिला कमेटी को सौंपें।

पूर्व विधायक मेनका सरदार का तीखा हमला

पोटका की पूर्व विधायक श्रीमती मेनका सरदार ने कहा कि बागबेड़ा जलापूर्ति योजना का शिलान्यास उनके कार्यकाल में हुआ था, लेकिन वर्तमान सरकार की उदासीनता के कारण यह आज तक लंबित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जिस प्रकार भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंगाल चुनाव में जीत के लिए प्रयास किया (भाजपा ने वहां 206 सीटें जीती हैं), उसी प्रकार अब झारखंड से भी ‘भ्रष्टाचारी’ झामुमो-कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकना है।

कल सुबह 10 बजे जिला कार्यालय में जुटान

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि7 मई को सुबह 10:00 बजे सभी कार्यकर्ता भाजपा जिला कार्यालय पहुंचेंगे, जहां से भारी संख्या में निकलकर उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया जाएगा। भाजपा नेत्री मीरा मुंडा ने सुबोध झा के वर्षों के संघर्ष की सराहना की और नवनियुक्त पदाधिकारियों को इस आंदोलन को सफल बनाने की बधाई दी।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत

बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा ने जिला और मंडल के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंग वस्त्र भेंट कर और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया।इस मौके पर जिला महामंत्री जितेंद्र राय, उपाध्यक्ष रूबी झा, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, जिला मंत्री तन्मय झा, रीना सिंह और राणा डे सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने का आग्रह किया।

More From Author

जमशेदपुर में ट्राइबल आर्ट वर्कशॉप, छात्रों ने सीखी सोहराई-पैतकर कला