जमशेदपुर: “बंगाल को मणिपुर बना रही है भाजपा”; कांग्रेस ने फूंका पीएम मोदी और अमित शाह का पुतला, लगाए गंभीर आरोप

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को साकची गोल चक्कर पर ‘प्रतिकार प्रदर्शन’ किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। कांग्रेस का आरोप है कि पांच राज्यों के चुनावी नतीजों के बाद भाजपा शासित तंत्र पश्चिम बंगाल में सुनियोजित हिंसा को बढ़ावा दे रहा है।

“बंगाल में चुनाव नहीं, युद्ध जैसा माहौल”

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा पिछले दिनों संपन्न हुए पांच राज्यों के चुनाव के नतीजे भले ही सभी ने स्वीकार किए हों, लेकिन बंगाल की स्थिति अत्यंत चिंताजनक रही। वहां चुनाव नहीं, बल्कि युद्ध जैसा माहौल दिखाई दिया। परविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि जैसे ही परिणाम भाजपा के पक्ष में आए, बंगाल के हालात बिल्कुल वैसे ही हो गए जैसे मणिपुर में पिछले कई महीनों से बने हुए हैं।

महिलाओं पर अत्याचार और आगजनी का आरोप

कांग्रेस ने बंगाल की वर्तमान स्थिति को ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार दिया है। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा चुनाव जीतने के बाद से बंगाल में प्रतिदिन महिलाओं के साथ अत्याचार, राजनीतिक कार्यालयों में तोड़फोड़, आगजनी और हत्या जैसी वारदातें घट रही हैं। कांग्रेस का दावा है कि वहां जान-बूझकर अराजकता फैलाई जा रही है ताकि लोकतांत्रिक आवाजों को कुचला जा सके।

लोकतांत्रिक तरीके से विरोध का संकल्प

जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इन घटनाओं के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी।प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का पुतला जलाना एक सांकेतिक विरोध है ताकि देश का ध्यान बंगाल में हो रही ‘लोकतांत्रिक हत्या’ की ओर खींचा जा सके। इस प्रदर्शन में पूर्वी सिंहभूम जिले के बड़ी संख्या में कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

साकची जैसे व्यस्त इलाके में पुतला दहन और प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय पुलिस मुस्तैद रही। प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे अपनी वैचारिक लड़ाई बताते हुए शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न किया।

More From Author

जमशेदपुर: महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती पर मरीन ड्राइव में होगा शंखनाद; झारखंड क्षत्रिय संघ ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी