जमशेदपुर : एलबीएसएम कॉलेज में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यूजी सेमेस्टर-6 की फाइनल परीक्षा देकर बाहर निकल रही एक छात्रा करंट की चपेट में आ गई।जानकारी के अनुसार शाम में हुई तेज बारिश के बाद कॉलेज परिसर में जलजमाव की स्थिति बन गई थी। इसी दौरान मल्टीपरपज हॉल से परीक्षा देकर बाहर निकल रही छात्रा पूजा मंडल अचानक उस हिस्से में पहुंच गई, जहां बिजली प्रवाहित होने की आशंका थी। करंट लगते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ी।
करंट लगते ही मची अफरा-तफरी
घटना के समय छात्रा के साथ तीन से चार अन्य छात्र भी मौजूद थे, लेकिन पूजा मंडल की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगते ही छात्रा के दांत जकड़ गए थे। मौके पर मौजूद छात्रों ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह उसका मुंह खुलवाया और तुरंत निजी वाहन से सदर अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने बताया खतरे से बाहर
फिलहाल छात्रा का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार पूजा मंडल अब खतरे से बाहर है।समय रहते अस्पताल पहुंचाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। हालांकि घटना के बाद कॉलेज परिसर में दहशत का माहौल बन गया।
कॉलेज प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। छात्रों का आरोप है कि बारिश के दौरान कॉलेज परिसर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।छात्रों ने परिसर में जलजमाव और बिजली सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
छात्रों ने दिखाई तत्परता
घटना के दौरान मौजूद छात्रों की तत्परता और सूझबूझ से छात्रा की जान बच सकी। यदि समय पर मदद नहीं मिलती तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
