जमशेदपुर: झारक्राफ्ट के नए एम्पोरियम का भव्य आगाज; मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया उद्घाटन, 25 हजार बुनकरों के सपनों को मिलेगी उड़ान

जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में झारखंड के हस्तशिल्प और बुनकरों की कला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से झारक्राफ्ट के नए एम्पोरियम का उद्घाटन किया गया। राज्य के कैबिनेट मंत्री संजय प्रसाद यादव ने विधिवत फीता काटकर इस एम्पोरियम का शुभारंभ किया। यह केंद्र केवल एक शोरूम नहीं, बल्कि राज्य के 25 हजार बुनकरों और 120 समितियों के आर्थिक सशक्तिकरण का नया द्वार है।

झारखंड की कला को वैश्विक पहचान

एम्पोरियम में राज्य की पारंपरिक कलाकृतियों का शानदार संग्रह उपलब्ध कराया गया है। झारखंड का विश्वप्रसिद्ध रेशम यहाँ विभिन्न परिधानों के रूप में उपलब्ध है। धातु शिल्प की प्राचीन डोकरा कला के उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं। झारखंड की दीवारों की पहचान रही सोहराय पेंटिंग अब हस्तशिल्प उत्पादों पर उकेरी गई है। दैनिक उपयोग और सजावट के बेहतरीन लकड़ी के उत्पाद भी यहाँ प्रदर्शित हैं।

वोकल फॉर लोकल’ को मिलेगी नई ताकत

उद्घाटन के मौके पर मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा “हमारी सरकार का मुख्य संकल्प कारीगरों के कौशल विकास और उनके आर्थिक सुदृढ़ीकरण को बढ़ावा देना है। यह एम्पोरियम ‘वोकल फॉर लोकल’ के विजन को नई ऊर्जा देगा और जमशेदपुर के लोगों के लिए झारखंडी गौरव को करीब से देखने का केंद्र बनेगा।”

देशभर में फैला झारक्राफ्ट का नेटवर्क

झारक्राफ्ट के माध्यम से झारखंड की संस्कृति पहले से ही देश के प्रमुख महानगरों में अपना परचम लहरा रही है।दिल्ली, मुंबई, बैंगलोर और कोलकाता जैसे शहरों में झारक्राफ्ट के पहले से 14 एम्पोरियम सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।इस अभियान से 220 स्थाई कर्मी और हजारों बुनकर सीधे तौर पर लाभान्वित हो रहे हैं।

जमशेदपुर के लिए नया आकर्षण

बिष्टुपुर स्थित यह एम्पोरियम न केवल खरीदारी के लिए बल्कि झारखंड की समृद्ध विरासत को समझने के लिए भी एक बेहतरीन जगह साबित होगा। स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए यहाँ शुद्ध रेशम और प्रामाणिक हस्तशिल्प एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे।

More From Author

जमशेदपुर: क्लस्टर सिस्टम के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन, उपायुक्त कार्यालय तक निकाला पैदल मार्च

विधायक संजीव सरदार ने 33 लाख के धूमकुड़िया भवन निर्माण कार्य एवं पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का किया शिलान्यास