जमशेदपुर में शिक्षा विभाग झारखण्ड सरकार द्वारा कॉलेजों में लागू किए गए क्लस्टर सिस्टम के विरोध में सोमवार को जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज के सैकड़ों छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने मानगो से उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला और मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए।
अब एलबीएसएम कॉलेज में होगी आर्ट और साइंस की पढ़ाई
छात्रों का आरोप है कि नए क्लस्टर सिस्टम के तहत वर्कर्स कॉलेज में अब आर्ट और साइंस की पढ़ाई नहीं होगी। इन विषयों की पढ़ाई के लिए छात्रों को करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित एलबीएसएम कॉलेज जाना पड़ेगा, जिससे छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
“छात्रों को शिक्षा से वंचित करने की साजिश” — हेमंत पाठक
छात्र संघ जदयू के नेता हेमंत पाठक ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह फैसला छात्रों को बेहतर शिक्षा देने के लिए नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा से वंचित करने के उद्देश्य से लिया गया है।उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से निजी कॉलेजों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, जिसे छात्र किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे।
“नियम शिक्षकों पर लागू करें, छात्रों पर नहीं”
हेमंत पाठक ने मांग की कि सरकार इस क्लस्टर सिस्टम को तुरंत वापस ले। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि व्यवस्था लागू करनी ही है तो इसे शिक्षकों पर लागू किया जाए, ताकि शिक्षक अलग-अलग कॉलेजों में जाकर संबंधित विषयों की पढ़ाई कराएं।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय वापस नहीं लिया तो पूरे शहर के छात्र सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
