राजनगर प्रसूता मौत मामला: प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शिव लाल कंकुल निलंबित;एमजीएम अस्पताल में भी नवजात की मौत पर जांच शुरू

सरायकेला/जमशेदपुर : राजनगर सीएचसी में प्रसव के दौरान हुई हृदयविदारक घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शिव लाल कंकुल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कर्तव्य में लापरवाही और प्रशासनिक विफलता के गंभीर आरोपों के आधार पर की गई है।

निलंबन और विभाग के आरोप

सरकार द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, डॉ. कंकुल पर निम्नलिखित आरोप तय किए गए हैं। प्रखंड स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रहे। घटना के वक्त उनकी अनुपस्थिति और संसाधनों के अभाव में प्रसव कराए जाने को पद का दुरुपयोग और घोर लापरवाही माना गया है। निलंबन की अवधि के दौरान उनका मुख्यालय सिविल सर्जन कार्यालय निर्धारित किया गया है।

क्या थी पूरी घटना?

करीब एक सप्ताह पहले राजनगर सीएचसी में बिजली गुल होने के बाद जेनरेटर या इन्वर्टर जैसी कोई व्यवस्था नहीं थी। टॉर्च और मोबाइल की रोशनी में एक नर्स ने प्रसव कराया, जबकि प्रभारी डॉक्टर नदारद थे। उचित चिकित्सा सुविधा और रोशनी के अभाव में प्रसूता और नवजात दोनों ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिजनों के भारी हंगामे और मीडिया में मामला आने के बाद विभाग ने यह एक्शन लिया है।

एमजीएम अस्पताल: टीकाकरण के बाद नवजात की मौत से हड़कंप

जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भी एक नवजात की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मानगो (गुरुद्वारा रोड) निवासी उमेश कुमार रवानी के परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 9 मई को जन्मे बच्चे को सोमवार को नियमित टीकाकरण के लिए लाया गया था। परिजनों का कहना है कि टीका लगने के तुरंत बाद घर पहुँचते ही बच्चे का शरीर नीला पड़ गया और उसकी मौत हो गई।अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि मौत एलर्जी से हुई या किसी मानवीय लापरवाही से।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठते सवाल

एक ही सप्ताह के भीतर दो नवजातों और एक प्रसूता की मौत ने कोल्हान क्षेत्र की सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खोल दी है। राजनगर की घटना ने जहाँ बुनियादी ढांचे (बिजली) की कमी को उजागर किया है, वहीं एमजीएम का मामला टीकाकरण सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर रहा है।

More From Author

जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल में एम्बुलेंस कार्यालय पर लटका ताला, अधीक्षक ने बनवाया रूम, लेकिन सुविधाओं के अभाव में कर्मी नदारद

जमशेदपुर हाईवे ओनर एसोसिएशन की चेतावनी: “खनिजों के नियमन पर बने स्पष्ट नियमावली, वरना होगा जोरदार आंदोलन