जमशेदपुर: यूनिक कलेक्शन फायरिंग मामले का खुलासा, जमशेदपुर पुलिस ने 6 अपराधियों को हथियार के साथ किया गिरफ्तार

जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई स्थित यूनिक कलेक्शन में हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमशेदपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

सिटी एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ललित मीणा ने बताया कि 15 मई को एक कार में सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने जुगसलाई के भीड़भाड़ वाले बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन में रंगदारी को लेकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था।घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी तौकीर आलम और थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से अपराधी गिरफ्तार

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चांडिल और जुगसलाई क्षेत्र में छापेमारी कर 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन,राहुल सिंह उर्फ बड़कू,हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी,राहुल सिंह उर्फ गेटलु,बानेश्वर नमता उर्फ मानस और अंकित खटीक शामिल हैं।

जेल में बंद कुख्यात अपराधी के गिरोह से जुड़े हैं आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि फायरिंग की घटना उन्हीं लोगों ने अंजाम दी थी। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी जेल में बंद कुख्यात अपराधी मनीष गिरोह के सदस्य हैं।

दुकानदारों में दहशत फैलाने की थी साजिश

सिटी एसपी ने बताया कि आरोपियों ने खुलासा किया है कि इससे पहले भी कई दुकानदारों से रंगदारी मांगी गई थी।यूनिक कलेक्शन में फायरिंग का उद्देश्य बाजार में दहशत फैलाना था, ताकि भविष्य में व्यापारियों से आसानी से रंगदारी वसूली जा सके।

बिहार समेत अन्य राज्यों से जुड़े हैं तार

पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के तार बिहार और अन्य राज्यों से भी जुड़े हुए हैं।पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई गई है।

More From Author

रांची: प्रेमिका से विवाद के बाद युवक ने टावर पर चढ़कर दी जान

जमशेदपुर: उलीडीह पुलिस ने हथियार के साथ अपराधी को किया गिरफ्तार, रंगदारी वसूलने की थी तैयारी