जमशेदपुर: जमशेदपुर के उलीडीह थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार लेकर घूम रहे एक अपराधी को गिरफ्तार किया है।प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ललित मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उलीडीह थाना क्षेत्र के लक्ष्मण नगर छठ घाट के पास एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है।
तलाशी में मिला देसी पिस्तौल और कारतूस
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम गठित कर इलाके में छापेमारी की।पुलिस ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसके पास से एक देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
बिहार से खरीदा था हथियार
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हथियार बिहार के बक्सर से खरीदकर लाया था।उसने पुलिस को बताया कि इलाके में वर्चस्व कायम करने और व्यवसायियों से रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से वह हथियार लेकर घूम रहा था।हालांकि, किसी बड़ी घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार अपराधी ने अपनी पहचान विश्वजीत सिंह उर्फ रॉकी के रूप में बताई है, जो डिमना रोड स्थित सुभाष कॉलोनी का निवासी है।फिलहाल पुलिस आरोपी से आवश्यक पूछताछ कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है।
