आदित्यपुर: आदित्यपुर के मौजा-जमालपुर स्थित निर्माणाधीन परियोजना “द सैफायर” को लेकर भूमि विवाद गहराता जा रहा है।एक पक्ष ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया है कि यह परियोजना विवादित जमीन पर बनाई जा रही है और मामले से जुड़े कई मुकदमे विभिन्न न्यायालयों में लंबित हैं।
3.97 एकड़ जमीन पर जताया दावा
शिकायतकर्ता का दावा है कि करीब 3.97 एकड़ जमीन उनसे संबंधित है।उनका आरोप है बिना वैधानिक बंटवारे के जमीन की रजिस्ट्री कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
नक्शा पास कराने में गलत जानकारी देने का आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान आरोप लगाया गया कि बिल्डर द्वारा गलत जानकारी देकर परियोजना का नक्शा पास कराया गया।साथ ही यह भी कहा गया कि बैंक इस परियोजना के ग्राहकों को ऋण उपलब्ध करा रहे हैं, जबकि जमीन से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
सिविल कोर्ट से हाईकोर्ट तक मामला लंबित
शिकायतकर्ता के अनुसार इस भूमि विवाद को लेकर सिविल कोर्ट से लेकर झारखण्ड उच्च न्यायालय तक मामले लंबित हैं।उन्होंने कहा कि न्यायालय में वाद लंबित रहने के बावजूद निर्माण कार्य जारी है, जिससे भविष्य में खरीदारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
निवेशकों को दी सावधानी बरतने की सलाह
शिकायतकर्ता ने लोगों से अपील की है कि परियोजना में निवेश करने से पहले सभी दस्तावेजों और कानूनी पहलुओं की अच्छी तरह जांच कर लें।उन्होंने चेतावनी दी कि बिना सत्यापन के निवेश करने पर लोगों की जमा पूंजी फंस सकती है।
