जनशताब्दी एक्सप्रेस में दिल दहला देने वाली घटना, महिला पर डेढ़ माह के बच्चे को ट्रेन से फेंकने का आरोप

राजखरसावां: हावड़ा-बारबिल जन शताब्दी एक्सप्रेस में सफर के दौरान मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। चक्रधरपुर रेल मंडल में चलती ट्रेन से एक महिला द्वारा अपने डेढ़ माह के मासूम बच्चे को बाहर फेंकने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

ट्रेन में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना राजखरसावां और महालीमरूप स्टेशन के बीच हुई। ट्रेन में सफर कर रही महिला अचानक विचलित हो गई और उसने गोद में मौजूद नवजात बच्चे को खिड़की से बाहर फेंक दिया। बाद में रेल ट्रैक के किनारे बच्चे का शव बरामद किया गया।घटना के बाद डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने बताया कि महिला इसके बाद अपने करीब तीन वर्षीय दूसरे बच्चे को भी ट्रेन से बाहर फेंकने की कोशिश करने लगी, लेकिन सतर्क यात्रियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर बच्चे की जान बचा ली।

यात्रियों ने महिला और उसके पति को पकड़ा

घटना के बाद यात्रियों ने महिला और उसके पति को पकड़ लिया और अगले स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल के हवाले कर दिया। फिलहाल रेलवे सुरक्षा बल और सरकारी रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।

महिला पश्चिम सिंहभूम की निवासी

पुलिस के अनुसार महिला की पहचान मुद्रावती गोप के रूप में हुई है, जो पश्चिम सिंहभूम जिले के मझगांव क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। वहीं उसके पति ने अपना नाम शाहबुद्दीन बताया है, जो पश्चिम बंगाल का निवासी है।जानकारी के मुताबिक दोनों करीब चार वर्ष पहले घर से भागकर साथ रहने लगे थे। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने इस खौफनाक कदम को क्यों उठाया।

More From Author

अंतरराष्ट्रीय मॉडलिंग प्रतियोगिता में जमशेदपुर के आदित्य राज ने हासिल किया दूसरा स्थान

जमशेदपुर : राशन दुकान के आड़ मे बिक्री करता था गांजा, पुलिस ने किया संचालक को गिरफ्तार