जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर गांधी बस्ती स्थित एक खुले मैदान में गुरुवार देर रात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जुआ खेलते हुए आठ आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस अचानक हुई दबिश से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लाइटों के उजाले में ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे जुआरियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर सभी को खदेड़कर दबोच लिया।
गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष टीम, मैदान में दी दबिश
शुक्रवार को कदमा थाना में मामले का विधिवत खुलासा करते हुए पुलिस अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि रामनगर गांधी बस्ती के मैदान में पिछले कुछ समय से देर रात बड़े स्तर पर जुआ का अड्डा संचालित हो रहा है, जहां शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग पहुंच रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।टीम ने देर रात योजनाबद्ध तरीके से पूरे मैदान को चारों ओर से घेरा और छापेमारी की, जिससे आरोपियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
कदमा और आस-पास के रहने वाले ये 8 आरोपी, हुए गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों में स्थानीय युवकों के साथ-साथ आस-पास के क्षेत्रों के सटोरिए भी शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम राजन कुमार उर्फ राजन,राजेश कुमार तुरहा,गोविंदा कुमार साह,दीपक कुमार उर्फ दीपू,बंटी कुमार गुप्ता,लालचंद तुरहा,सुखदेव सिंह,लखन कुमार ठाकुर उर्फ आजाद ठाकुर है।
नकद समेत ताश के पत्ते और 7 स्मार्टफोन जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुए की फड़ से भारी मात्रा में सामग्रियां और नकदी बरामद की है। सट्टे की फड़ और आरोपियों की तलाशी लेने पर कुल ₹35,520 नकद बरामद किए गए। आरोपियों के पास से 7 महंगे मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनके कॉल रिकॉर्ड्स और व्हाट्सएप चैट को पुलिस खंगाल रही है। मौके से एक दरी (जिस पर फड़ सजी थी) और ताश के पत्ते भी जब्त किए गए हैं।
सरगना की तलाश में जुटी पुलिस, सभी भेजे गए जेल
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए सभी आठों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शुक्रवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस अब इस बिंदु पर गहन जांच कर रही है कि इस जुआ अड्डे का मुख्य संचालक (लाइनर) कौन था और मैदान में बिजली व अन्य व्यवस्थाएं कौन मुहैया करा रहा था। पुलिस का दावा है कि इस धंधे के पीछे शामिल मुख्य सरगना को भी जल्द ही चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
