आदित्यपुर नगर निगम के खिलाफ फूटा लोगों का गुस्सा, मूलभूत सुविधाओं को लेकर झारखंड युवा मोर्चा का धरना

आदित्यपुर: सराईकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत समस्याओं को लेकर शुक्रवार को झारखंड युवा मोर्चा द्वारा नगर निगम कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं और कई पार्षद शामिल हुए।धरना प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने माथे पर पानी का घड़ा रखकर विरोध जताया, जबकि पुरुष हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर पहुंचे। कुछ प्रदर्शनकारी बैलगाड़ी पर सवार होकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

डब्बा सोरेन ने बीजेपी और नगर निगम पर साधा निशाना

धरना कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे झारखंड युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भुगलु सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन ने कहा कि आदित्यपुर नगर निगम बनने के बाद से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से बीजेपी का शासन रहा है, लेकिन क्षेत्र की पानी, साफ-सफाई, नाली, गली और सड़क जैसी मूलभूत समस्याएं आज तक जस की तस बनी हुई हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय जनता से बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं को भूल जाते हैं और केवल राजनीतिक हित साधने में जुट जाते हैं।

समस्याओं के समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

डब्बा सोरेन ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम प्रशासन जल्द ही क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं करता है तो इस मामले को रांची तक उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह बनाया जाएगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।धरना प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की और जल्द से जल्द पानी, सड़क, नाली और साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने की मांग की।

लोगों ने बताई अपनी परेशानी

प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि नगर निगम क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। कई इलाकों में सड़कें जर्जर हैं और नालियों की सफाई नहीं होने से गंदगी और जलजमाव की समस्या बनी रहती है। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या और भी गंभीर हो गई है।

More From Author

जमशेदपुर में ‘नदी-पर्वत संरक्षण’ राष्ट्रीय सम्मेलन का शंखनाद, जस्टिस वी. गोपाला गोवड़ा और जलपुरुष राजेंद्र सिंह ने किया उद्घाटन

जमशेदपुर: कदमा की गांधी बस्ती में चल रहे जुआ अड्डे पर पुलिस का आधी रात छापा; 8 सटोरिए गिरफ्तार, ₹35 हजार से अधिक कैश और मोबाइल बरामद