जमशेदपुर में ‘फर्जी पत्रकारों’ और ‘प्रेस’ लिखे वाहनों पर कड़ा प्रहार: प्रेस क्लब की पहल पर डीसी ने डीटीओ को जांच और कार्रवाई का सख्त निर्देश

जमशेदपुर: जमशेदपुर सहित पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में कुकुरमुत्ते की तरह उभरे फर्जी पत्रकारों, यूट्यूब के नाम पर ब्लैकमेलिंग करने वाले तत्वों और वाहनों पर ‘प्रेस’ लिखकर अवैध कार्यों को अंजाम देने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त (डीसी) से मुलाकात कर इस गंभीर समस्या से अवगत कराया, जिसके बाद डीसी ने तत्काल कार्रवाई के आदेश निर्गत किए हैं।

अवांछित तत्वों के ‘भयादोहन’ से पत्रकारिता की गरिमा धूमिल

प्रेस क्लब के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में बताया कि हाल के दिनों में शहर में तेजी से ऐसे अवांछित तत्वों की बाढ़ आई है, जिनका पत्रकारिता से दूर-दूर तक कोई सरोकार नहीं है। ये तथाकथित फर्जी पत्रकार शहर में चल रहे वैध और अवैध धंधों (जैसे जुआ, सट्टा, अवैध बालू-लोहा माइनिंग) के संचालकों पर धौंस जमाते हैं और उनसे मोटी रकम वसूलते हैं। डरा-धमकाकर आम जनता और छोटे अधिकारियों का भयादोहन किया जा रहा है, जिससे न केवल आम जनमानस शोषित हो रहा है, बल्कि वास्तविक और ईमानदार पत्रकारों की छवि भी धूमिल हो रही है। कई बार जिला प्रशासन और पुलिस भी इन तत्वों की वजह से भ्रम का शिकार हो जाती है और कानून व्यवस्था बनाए रखने में परेशानी आती है।

वाहनों पर ‘प्रेस’ का टैग लगाकर घूम रहे अपराधी

प्रतिनिधिमंडल ने डीसी का ध्यान एक और गंभीर विषय की ओर आकर्षित कराया कि शहर की सड़कों पर दौड़ने वाले दर्जनों दोपहिया और चार पहिया वाहनों पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘PRESS’ लिखा हुआ है। “हकीकत यह है कि इन वाहनों को चलाने वाले लोग किसी मीडिया हाउस से नहीं जुड़े हैं। कई बार अपराधी और असामाजिक तत्व पुलिस चेकिंग से बचने के लिए अपने निजी वाहनों पर ‘प्रेस’ का लोगो या स्टीकर चिपकाकर घूम रहे हैं और अवैध सामानों की तस्करी तक में इसका दुरुपयोग होने की आशंका बनी रहती है।”

उपायुक्त का तुरंत एक्शन: जिला परिवहन पदाधिकारी को जांच का निर्देश

प्रेस क्लब की इस शिकायत और शहर की अस्मिता से जुड़े इस मुद्दे को उपायुक्त ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने मौके से ही जिला परिवहन पदाधिकारी को टेलीफोनिक निर्देश देते हुए कहा कि वे तत्काल प्रभाव से शहर के प्रमुख चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाएं।जब्त होंगे वाहन: बिना वैध पहचान पत्र या मान्यता प्राप्त मीडिया संस्थान के प्राधिकरण पत्र के जो भी व्यक्ति गाड़ी पर ‘प्रेस’ लिखकर घूमता पाया जाए, उसका वाहन तुरंत जब्त किया जाए और उस पर कानूनी कार्रवाई की जाए।प्रेस के नाम पर उगाही करने वाले तत्वों को चिन्हित कर सीधे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

प्रेस क्लब सौंपेगा ‘वर्किंग जर्नलिस्ट्स’ की सूची

कार्रवाई को पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए उपायुक्त ने प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर से एक विशेष सहयोग मांगा है।डीसी ने प्रेस क्लब को निर्देश दिया है कि वे जमशेदपुर में संचालित सभी प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और पंजीकृत डिजिटल मीडिया हाउस के प्रबंधन से संपर्क कर वहां कार्यरत सक्रिय और प्रामाणिक पत्रकारों की एक अधिकृत सूची तैयार करें। यह सूची जिला प्रशासन और पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाएगी। इस सूची के आधार पर ही भविष्य में जिला स्तर पर प्रेस पास जारी होंगे और जो नाम इस सूची में नहीं होंगे, उन पर फर्जीवाड़ा करने का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल:

इस मुलाकात के दौरान प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष मनोज सिंह सहित क्लब के अन्य वरीय पदाधिकारी, कार्यकारिणी समिति के सदस्य और शहर के कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद थे। प्रेस क्लब ने प्रशासन के इस त्वरित रुख की सराहना की है।

More From Author

जमशेदपुर: कदमा की गांधी बस्ती में चल रहे जुआ अड्डे पर पुलिस का आधी रात छापा; 8 सटोरिए गिरफ्तार, ₹35 हजार से अधिक कैश और मोबाइल बरामद

जमशेदपुर: बकरीद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, सिदगोड़ा टाउन हॉल में शांति समिति की बैठक आयोजित