जमशेदपुर: बकरीद को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, सिदगोड़ा टाउन हॉल में शांति समिति की बैठक आयोजित

जमशेदपुर : जमशेदपुर में 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में सिदगोड़ा टाउन हॉल में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त ने की। इस दौरान सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, एसडीएम घाटशिला, सभी बीडीओ, सीओ, डीएसपी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा

बैठक में बकरीद पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को पर्व के दौरान सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील

बैठक के दौरान प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत प्रशासन को जानकारी दें।

उपायुक्त ने भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बकरीद को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो लोग तुरंत प्रशासन को सूचित करें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

More From Author

जमशेदपुर में ‘फर्जी पत्रकारों’ और ‘प्रेस’ लिखे वाहनों पर कड़ा प्रहार: प्रेस क्लब की पहल पर डीसी ने डीटीओ को जांच और कार्रवाई का सख्त निर्देश

डुमरिया के सुदूरवर्ती गांवों में पहली बार पहुंचेगी बिजली, विधायक संजीव सरदार ने किया शिलान्यास