जमशेदपुर में एसबीआई एटीएम सुरक्षा गार्डों का हंगामा, नई एजेंसी पर जबरन हटाने और मारपीट का आरोप

जमशेदपुर में एसबीआई एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विवाद गहरा गया है। वर्षों से कार्यरत पुराने सुरक्षा गार्डों ने नई एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय आरक्षी अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। गार्डों का आरोप है कि नई एजेंसी सीआईएसएस सर्विसेज लिमिटेड द्वारा आपराधिक प्रवृत्ति के युवकों की मदद से पुराने गार्डों को जबरन हटाया जा रहा है।

महिला गार्डों के साथ अभद्रता और मारपीट का आरोप

सुरक्षा गार्डों ने आरोप लगाया कि धरना प्रदर्शन के दौरान नई एजेंसी से जुड़े कुछ असामाजिक तत्व मौके पर पहुंचे और महिला गार्डों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। इस घटना के बाद गार्डों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। गार्डों ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसी घटनाएं दोबारा हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

एजेंसी बदलने के बाद बढ़ी गार्डों की परेशानी

गार्डों ने बताया कि वे पहले डब्ल्यूवीएसओ इंटरप्राइजेज लिमिटेड एजेंसी के तहत एसबीआई एटीएम में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे। एजेंसी बदलने के बाद नई एजेंसी सीआईएसएस सर्विसेज लिमिटेड ने पुराने गार्डों को हटाकर नए लोगों की नियुक्ति शुरू कर दी है। इससे लंबे समय से कार्यरत गार्डों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।

प्रशासन और बैंक प्रबंधन को पहले भी दी गई थी जानकारी

सुरक्षा गार्डों का कहना है कि इस मामले को लेकर वे पहले भी श्रम अधीक्षक, उपायुक्त और झारखंड सरकार समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिख चुके हैं। इसके अलावा एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया गया था। गार्डों के अनुसार बैंक प्रबंधन ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

नए गार्डों के चरित्र सत्यापन की मांग

गार्डों ने प्रशासन से मांग की है कि नई एजेंसी द्वारा नियुक्त किए गए सुरक्षा गार्डों के चरित्र प्रमाण पत्रों की जांच कराई जाए। उनका आरोप है कि कई नए गार्ड झारखंड के बाहर के निवासी हैं और उनकी पृष्ठभूमि की जांच किए बिना उन्हें संवेदनशील सुरक्षा कार्यों में लगाया जा रहा है।

150 सुरक्षा गार्डों में बढ़ी चिंता

इस मामले में कुमोद कुमार ने बताया कि एसबीआई एटीएम में लगभग 150 सुरक्षा गार्ड कार्यरत हैं और सभी अपने रोजगार एवं सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

More From Author

जमशेदपुर: जुगसलाई और मानगो में दो लोगों ने फंदे से लटककर दी जान; परिवारों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस

मानगो में बड़े भाई ने छोटे भाई का घर बुलडोजर से तुड़वाकर जमीन पर किया कब्जा, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

Recent News