सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत गिद्दीबेड़ा टोल के समीप शनिवार शाम एक सड़क हादसे में कई यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार रांची की ओर से आ रही एक सफारी कार ने कांड्रा से चांडिल जा रहे पैसेंजर ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में सभी यात्री घायल
दुर्घटना में ऑटो में सवार सभी यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीन लोगों को हल्की चोटें आईं, जबकि चार घायलों को गंभीर चोट लगने पर पुलिस इलाज के लिए अपने साथ ले गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की जांच की।
झारखंड सरकार का बोर्ड लगा था सफारी वाहन पर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सफारी वाहन संख्या JH 05 BC 2441 पर “उप-सचिव योजना एवं विकास, झारखंड सरकार” का बोर्ड लगा हुआ था। हादसे के बाद वाहन में सवार व्यक्ति ने घायलों के इलाज और क्षतिग्रस्त ऑटो के नुकसान की भरपाई कराने की बात कही।
दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों को छोड़ा गया
घटना के बाद कांड्रा थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को छोड़ दिया। वहीं दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई सफारी कार को वाहन सवार अपने साथ लेकर चले गए।
