आदित्यपुर थाना पुलिस पर बर्बरता और प्रताड़ना का आरोप, पीड़ित महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र से पुलिसिया दमन और बर्बरता का गंभीर मामला सामने आया है। अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए पीड़ित महिला पुतुल गोप बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और आदित्यपुर थाना प्रभारी समेत टाइगर मोबाइल के जवानों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

आधी रात घर में घुसने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि सोमवार देर रात करीब एक बजे आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, टाइगर मोबाइल के जवान नीतीश पांडे, राघवेंद्र सिंह और अन्य पुलिसकर्मी जबरन उनके घर में घुस आए और उनके बेटे जिसू गोप को उठा ले गए।परिवार का आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया, छेड़खानी की और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया।

“बेटे को छोड़ देंगे” कहकर अभद्र टिप्पणी का आरोप

पीड़ित परिवार के मुताबिक पुलिसकर्मियों ने महिला से कथित तौर पर कहा कि “तुम खुश कर दो, तुम्हारे बेटे को छोड़ देंगे।”परिवार ने आरोप लगाया कि जब छोटे बेटे ने इसका विरोध किया तो उसे भी झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई।

थर्ड डिग्री टॉर्चर का आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि जिस दिन से उसके बेटे को थाना ले जाया गया, उसी दिन से उसे लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही है। परिवार का कहना है कि थाना में जिसू गोप पर जबरन आर्म्स रखने की बात कबूल करवाने का दबाव बनाया गया।पीड़िता के अनुसार जब वह अपने बेटे से मिलने थाना पहुंची तो उसने रोते हुए कहा, “मुझे बचा लो, नहीं तो मैं सुसाइड कर लूंगा।”

कंपनी में काम करने का दावा

परिवार ने दावा किया कि जिस मामले में जिसू गोप को हिरासत में लिया गया, वह गाड़ी तोड़फोड़ की घटना से जुड़ा है। जबकि घटना के समय वह कंपनी में काम कर रहा था। इसके बावजूद केवल शक के आधार पर उसे हिरासत में लेकर प्रताड़ित किया गया।

एसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का दिया भरोसा

मामले के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलता है या मामला केवल जांच तक सीमित रह जाता है।

More From Author

जमशेदपुर: बाल्डविन फार्म एरिया हाई स्कूल का 12वीं बोर्ड में दबदबा; अफराह और अनुषा बनीं टॉपर, 97% रहा स्कूल का रिजल्ट