आदित्यपुर: बोलायडीह शीतला मंदिर के पास दिनदहाड़े युवक की बेरहमी से हत्या, धारदार हथियार से काटे जाने से मौके पर मौत

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप शनिवार दोपहर एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान गोपपाड़ा निवासी 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा के रूप में हुई है। घटना शनिवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है।

धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला, मौके पर हुई मौत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार से पांच हमलावरों ने जगन्नाथ गोप पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए।

भाई ने कई लोगों पर लगाया हत्या का आरोप

मृतक के भाई सोनू गोप ने शिवम प्रामाणिक, शिबू और गणेश सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, शनिवार सुबह जगन्नाथ और गणेश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद प्रेम नायक नामक युवक जगन्नाथ को घर से बुलाकर ले गया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना और गम्हरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ भी घटनास्थल पहुंचे और जांच की निगरानी की। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

पारिवारिक जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ गोप की पत्नी पार्वती गोप का करीब डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका था। परिवार में उनका आठ वर्षीय पुत्र रीतेश गोप और दो वर्षीय पुत्री रेशमी गोप हैं।पिता की हत्या के बाद दोनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

More From Author

बिष्टुपुर बाजार में दो दुकानों में चोरी, करीब 1.90 लाख रुपये नकद लेकर फरार हुए चोर