जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित बिष्टुपुर बाजार में शनिवार देर रात चोरों ने दो दुकानों में सेंधमारी कर करीब 1.90 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जनरल स्टोर से एक लाख, फल दुकान से 90 हजार रुपये चोरी
जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले राकेश कुमार के श्याम जनरल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब 1 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।इसके बाद चोरों ने पास स्थित अब्दुल कलाम की फल दुकान को निशाना बनाया और वहां रखी पेटी से करीब 90 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
सुबह ताले टूटे देख दुकानदारों के उड़े होश
रविवार सुबह जब दोनों दुकानदार अपनी-अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो ताले टूटे मिले और गल्ले से नकदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर जुट गए और इसकी सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को दी गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
व्यापारियों ने बढ़ाई सुरक्षा और रात्रि गश्त की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बिष्टुपुर बाजार के व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
