जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित कलियाडीह कैनाल से बरामद अज्ञात महिला के शव की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान जुगसलाई थाना क्षेत्र के गोशाला के पास बंगालीपाड़ा निवासी किरण देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय चैनल और पोर्टल पर प्रसारित खबर देखकर बेटे ने की पहचान
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कलियाडीह कैनाल में एक महिला का शव मिलने की सूचना पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, लेकिन शुरुआती जांच में महिला की पहचान नहीं हो सकी थी।बाद में स्थानीय समाचार चैनलों और पोर्टल पर प्रसारित खबर देखने के बाद मृतका के पुत्र घनश्याम ने अपनी मां की पहचान किरण देवी के रूप में की। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ परसुडीह थाना पहुंचा और पुलिस को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। हालांकि, उन्होंने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।
सगाई की खुशियां मातम में बदलीं
परिजनों के अनुसार, रविवार को ही मृतका के भाई की सगाई कदमा स्थित केएफ-2 क्लब में आयोजित होने वाली थी। लेकिन इस दुखद घटना के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारण का खुलासा

फिलहाल परसुडीह थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
