कपाली में मवेशियों से भरी मालवाहक गाड़ी पकड़ी गई, कई गायों की हालत गंभीर

कपाली : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कमारगोड़ा हरि मंदिर के समीप शनिवार रात ग्रामीणों ने मवेशियों से भरी एक मालवाहक गाड़ी पकड़ ली। बताया जा रहा है कि वाहन में बड़ी संख्या में गायों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था, जिनमें कई की हालत गंभीर और कमजोर थी।

ग्रामीणों को हुआ शक, जांच में खुला मामला

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 8 बजे स्थानीय लोगों को एक सफेद रंग की टाटा एलपीटी मालवाहक गाड़ी पर संदेह हुआ। ग्रामीणों ने वाहन को रोककर जांच की तो उसमें बड़ी संख्या में गायें भरी हुई मिलीं।

भूखी-प्यासी हालत में मिलीं गायें

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई गायें भूखी-प्यासी और बदहवास हालत में थीं। पशुओं की खराब स्थिति देखकर ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें वाहन से नीचे उतारा और पानी पिलाकर राहत पहुंचाई।घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच

सूचना मिलने पर कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मालवाहक वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।

चालक हिरासत में, पूछताछ जारी

सूत्रों के अनुसार वाहन चालक को हिरासत में लेकर कपाली ओपी में पूछताछ की जा रही है। वहीं पुलिस पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था में जुटी हुई है।घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।

More From Author

चांडिल: नारायण आईटीआई में महाराणा प्रताप और गोपाल कृष्ण गोखले की जयंती; डॉ. जटाशंकर पांडे बोले- “इनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा पुंज”