सरायकेला: जिले के चांडिल-कांड्रा मुख्य मार्ग स्थित चैनपुर पुल पर मंगलवार सुबह एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। कोयला लदा एक हाईवा (संख्या JH-05CU-0759) अनियंत्रित होकर पुल से नीचे कैनाल में जा गिरा। दुर्घटना में चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन से सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। समय रहते चालक को बाहर निकाल लेने से उसकी जान बच गई।
गार्डवाल नहीं होने से बढ़ रहा हादसों का खतरा
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि चैनपुर पुल पर लंबे समय से सुरक्षा गार्डवाल (रेलिंग) नहीं है, जिसके कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुल संकरा होने के साथ-साथ इस मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन भी अधिक रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका हमेशा बनी रहती है।ग्रामीणों ने बताया कि इस पुल पर पहले भी कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं, लेकिन हर बार केवल जांच और आश्वासन तक ही कार्रवाई सीमित रह जाती है। उनका कहना है कि यदि पुल के दोनों ओर मजबूत गार्डवाल होता तो हाईवा के कैनाल में गिरने जैसी घटना टाली जा सकती थी या दुर्घटना की गंभीरता कम हो सकती थी।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा उपायों की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से चैनपुर पुल पर जल्द से जल्द मजबूत गार्डवाल लगाने, सड़क का चौड़ीकरण कराने तथा चेतावनी संकेतक स्थापित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में कोई और बड़ा हादसा हो सकता है।इस घटना के बाद एक बार फिर चैनपुर पुल की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
