चतरा: सिमरिया में ₹50 लाख का 324 किलो अफीम डोडा जब्त, तस्कर फरार

चतरा : चतरा जिले की सिमरिया थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोराही इलाके के पास से करीब ₹50 लाख मूल्य का 324 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा बरामद किया है। इस काले धंधे में इस्तेमाल की जा रही दो लग्जरी कारों को भी पुलिस ने मौके से जब्त किया है।

गुप्त सूचना पर एसडीपीओ और थाना प्रभारी ने की घेराबंदी

नशे के खिलाफ इस बड़े ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा के रास्ते अफीम की एक बड़ी खेप दूसरे राज्य या जिले में खपाने के लिए ले जाई जा रही है।सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में सिमरिया थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह और आईआरबी के जवानों की एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर स्थित चोराही के पास कड़ा पहरा और घेराबंदी लगा दी।

फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ीं दो कारें, अंधेरे का फायदा उठा भागे तस्कर

चेकिंग के दौरान चतरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही दो संदेहास्पद लग्जरी कारों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही कारों के चालकों ने गति और बढ़ा दी। थाना प्रभारी और जवानों ने बिना वक्त गंवाए अपनी गाड़ियों से तस्करों की कारों का पीछा करना शुरू किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें घेरकर रोक लिया।हालांकि, यह घटना देर रात की बताई जा रही है, जिसका फायदा उठाकर दोनों वाहनों के चालक और उसमें सवार तस्कर गाड़ी खड़ी कर पास के घने जंगल और अंधेरे का लाभ लेते हुए भागने में सफल रहे।

अर्टिगा और होंडा अमेज से बोरियों में भरा डोडा बरामद

जब पुलिस टीम ने जब्त की गई दोनों कारों की गहन तलाशी ली, तो उनके भीतर भारी मात्रा में अफीम डोडा की खेप पाकर अधिकारी भी दंग रह गए। कारों के भीतर से कुल 324 किलो डोडा बरामद हुआ। मारुति अर्टिगा वाहन से कुल 169 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया।होंडा अमेज कार की डिक्की और सीटों से 155 किलोग्राम डोडा जब्त हुआ।

हजारीबाग भेजने की थी तैयारी, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस के प्रारंभिक अनुसंधान और इनपुट के अनुसार, चतरा के सुदूरवर्ती इलाकों से अफीम की इस बड़ी खेप को कलेक्ट (इकट्ठा) कर वाया सिमरिया हजारीबाग पहुंचाने की योजना थी, जहां से इसे पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के तस्करों को ऊंचे दामों पर बेचा जाना था।

फरार तस्करों के खिलाफ रेड अलर्ट

सिमरिया थाना पुलिस ने इस मामले में दोनों अज्ञात वाहन चालकों और गाड़ी मालिकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न कड़ी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। चतरा पुलिस कप्तान ने बताया कि वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए तस्करों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है।

More From Author

रांची: गोइलकेरा के सागेन अंगरिया समेत दर्जनों इनामी नक्सलियों ने किया सरेंडर

विश्व पर्यावरण दिवस पर सोना देवी विश्वविद्यालय में जैविक खाद निर्माण, छात्रों ने दिया हरित भविष्य का संदेश