जमशेदपुर: ‘नीट परीक्षा’ पेपर लीक मामले को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देशभर में लगातार हो रही पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं की घटनाएं बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण हैं।इसी मुद्दे को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता परविंदर सिंह ने की।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। लाखों छात्र-छात्राएं दिन-रात मेहनत कर डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन सरकार की लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर रहा है।नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
21 मई को निकलेगी पदयात्रा
कांग्रेस पार्टी ने घोषणा की है कि छात्रों को न्याय दिलाने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर 21 मई को पदयात्रा निकाली जाएगी।यह पदयात्रा आमबगान मैदान साकची से शुरू होकर उपायुक्त कार्यालय तक जाएगी, जहां प्रदर्शन किया जाएगा।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस पार्टी का 8 सदस्यीय उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त के माध्यम से नरेंद्र मोदी और महामहिम राष्ट्रपति के नाम मांग पत्र सौंपेगा।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को जवाबदेह बनाना जरूरी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
