चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के पोड़ाहाट वन क्षेत्र में मंगलवार तड़के सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हुई है। सोनुवा और गोइलकेरा थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित केड़ाबीर के घने जंगलों में दोनों ओर से रुक-रुक कर भारी गोलीबारी हुई। मुठभेड़ के बाद सीमावर्ती इलाकों को पूरी तरह सील कर हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
कोबरा 209 बटालियन का चल रहा था कॉम्बिंग ऑपरेशन
सुरक्षा एजेंसियों से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना पर कोबरा 209 बटालियन के जवान पिछले दो दिनों से पोड़ाहाट के इस दुर्गम और पहाड़ी इलाके में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन (सर्च अभियान) चला रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे जैसे ही जवान केड़ाबीर जंगल के अंदरूनी हिस्से में बढ़े, घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई करते हुए नक्सलियों पर भारी फायरिंग की। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल और पहाड़ों की ओट लेकर भागने पर मजबूर हो गए।
कुछ नक्सलियों के मारे जाने की आशंका, हथियार बरामद
सुरक्षाबलों की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई इतनी जबरदस्त थी कि प्रारंभिक इनपुट के अनुसार कुछ नक्सलियों के मारे जाने या गंभीर रूप से घायल होने की प्रबल आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घने जंगल में फैले सर्च ऑपरेशन के चलते अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।मुठभेड़ खत्म होने के बाद जब जवानों ने इलाके को घेरा, तो शुरुआती सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल से भारी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस, दैनिक उपयोग के सामान और नक्सली साहित्य/सामग्री बरामद होने की सूचना मिली है।
“सुरक्षा बल अलर्ट मोड पर, अभियान जारी”: अमित रेणु
अभियान की कमान संभाल रहे वरिष्ठ अधिकारी अमित रेणु ने माओवादियों के साथ हुई इस मुठभेड़ की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के बाद भी सुरक्षा बल पूरी तरह से अलर्ट मोड पर हैं और पोड़ाहाट के साथ-साथ एशिया के सबसे बड़े साल वन सारंडा के जंगलों में भी अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है ताकि भाग रहे नक्सलियों को घेरा जा सके।
करोड़ के इनामी मिसिर बेसरा का दस्ता है सक्रिय
गौरतलब है कि इस पूरे क्षेत्र में माओवादियों के शीर्ष पोलित ब्यूरो सदस्य और एक करोड़ के इनामी नक्सली नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में नक्सली दस्ता सक्रिय है। हाल के दिनों में टोंटो, गोइलकेरा और सोनुवा के इलाकों में आईईडी ब्लास्ट और लेवी (रंगदारी) को लेकर बढ़ी नक्सली गतिविधियों को देखते हुए केंद्रीय और राज्य सुरक्षा एजेंसियों ने अपना संयुक्त अभियान काफी तेज कर दिया है।
