जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को पटमदा प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न प्रशासनिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान एवं अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी भी मौजूद रहे।
प्रखंड और अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, राजस्व कार्यों एवं विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया दौरा
इसके बाद उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई, भोजन, पुस्तकें, खेलकूद एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित माहौल और प्रेरणादायी वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त पटमदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी पहुंचे। उन्होंने ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण केंद्र, वार्ड सहित विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाएं और सभी को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
