जमशेदपुर : शहर के सोनारी थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक रिहायशी अपार्टमेंट में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कागल नगर रोड स्थित भूतनाथ मंदिर के पास बने पांच मंजिला अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर पर यह घटना हुई।
एसी के आउटडोर यूनिट में धमाका, फ्लैट में फैल गई आग
मिली जानकारी के अनुसार, फ्लैट नंबर 3/9 में लगे एसी के आउटडोर यूनिट में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके के बाद आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरा फ्लैट धुएं से भर गया। उस समय फ्लैट की मालकिन बेला बक्सी घर में अकेली थीं।
धुआं फैलने से लोगों को हुई सांस लेने में परेशानी
आग की लपटें और धुआं फैलते ही अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख सभी लोग अपने-अपने फ्लैट से बाहर निकल आए, जिससे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों ने दिखाई हिम्मत
घटना के बाद स्थानीय लोगों और अपार्टमेंट के निवासियों ने दमकल के पहुंचने से पहले ही आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। उनकी सूझबूझ से आग को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया।
दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान सोनारी थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही।
कोई हताहत नहीं, लेकिन हुआ भारी नुकसान
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि फ्लैट में आग की वजह से काफी नुकसान हुआ है।
शुरुआती जांच में सामने आई यह वजह
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी के आउटडोर यूनिट में विस्फोट को माना जा रहा है। घटना के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।
