सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी तरुण महतो की लगभग सात माह बाद जेल से रिहाई होने पर समर्थकों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर चांडिल से विशाल सम्मान सह बाइक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम लोगों ने भाग लिया।
चांडिल से शुरू होकर कई गांवों तक पहुंची रैली
बाइक रैली चांडिल से शुरू होकर ईचागढ़, नीमडीह और कुकड़ू प्रखंड के विभिन्न गांवों से होकर गुजरी। पूरे मार्ग में समर्थक जेकेएलएम के झंडे और तरुण महतो के पोस्टर लेकर नारेबाजी करते रहे। रैली के दौरान “तरुण महतो जिंदाबाद” और “झारखंडी अस्मिता जिंदाबाद” के नारों से क्षेत्र गूंजता रहा।
महिलाओं ने आरती उतारकर किया स्वागत
रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से आरती उतारकर तरुण महतो का स्वागत किया। कई गांवों में लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और उनके समर्थन में एकजुटता दिखाई।
बालू कारोबार और स्थानीय मुद्दों को लेकर रहे मुखर
तरुण महतो लंबे समय से क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार, कथित सिंडिकेट व्यवस्था तथा उससे प्रभावित छोटे ट्रैक्टर मालिकों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। वे खतियानी आधारित स्थानीय नीति की मांग को लेकर भी लगातार मुखर रहे हैं।
समर्थकों ने लगाया साजिश का आरोप
तरुण महतो के समर्थकों का आरोप है कि अवैध बालू कारोबार के खिलाफ उनकी सक्रियता और जनहित के मुद्दों को उठाने के कारण उन्हें साजिश के तहत फंसाकर जेल भेजा गया था। समर्थकों ने उनकी गिरफ्तारी को जनहित की आवाज दबाने का प्रयास बताया।
क्षेत्र में दिखा उत्साह का माहौल
रिहाई के बाद आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने क्षेत्र में तरुण महतो के जनाधार और लोकप्रियता को प्रदर्शित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
