हिमांशु सिंह हत्याकांड: एसआईटी को बड़ी सफलता, डीडी बार के मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद

जमशेदपुर। बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच कर रही विशेष अनुसंधान टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद, लखिन्द्र लोहार और जगदीश मंडल उर्फ रोहन उर्फ मुर्गा को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक विधि-विरुद्ध बालक को भी विधि अनुसार निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और फरार होने में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

बार में हुआ था जानलेवा हमला, इलाज के दौरान हुई थी हिमांशु सिंह की मौत

पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के अंदर हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह पर विश्वनाथ लोहरा उर्फ बोदरा एवं अन्य आरोपियों ने जानलेवा हमला किया था। गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।इस मामले में बिष्टुपुर थाना कांड संख्या-84/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में 10 नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई थी एसआईटी

घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।पुलिस ने बताया कि इससे पहले मामले के पांच नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

फरार आरोपियों की मदद करने का आरोप

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरफ्तार आरोपी जगदीश मंडल ने घटना के बाद नामजद आरोपियों को फरार होने और छिपने में मदद की। उसने पटना में घटना में प्रयुक्त हथियारों को छिपाने के साथ ही आरोपियों को वाहन उपलब्ध कराकर उनके भागने में सहयोग किया।

हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने बताया कि लखिन्द्र लोहार और निरुद्ध किए गए विधि-विरुद्ध बालक की निशानदेही पर धातकीडीह स्थित एक ठिकाने से घटना में प्रयुक्त हथियार और आरोपियों के फरार होने में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम


लखिन्द्र लोहार (20 वर्ष), निवासी धातकीडीह, थाना गम्हरिया, जिला सरायकेला-खरसावां।
जगदीश मंडल उर्फ रोहन उर्फ मुर्गा (24 वर्ष), निवासी धातकीडीह, थाना गम्हरिया, जिला सरायकेला-खरसावां।
विजय महानंद (42 वर्ष), मैनेजर, डीडी बार, निवासी टेल्को कॉलोनी, जमशेदपुर।
एक विधि-विरुद्ध बालक को भी विधि अनुसार निरुद्ध किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

More From Author

मानगो पुल पर युवक ने नदी में कूदने का किया प्रयास, स्थानीय लोगों की सतर्कता से बची जान

आदित्यपुर : एसपी मनोज स्वर्गियारी खुद उतरे बाइक पेट्रोलिंग पर, संवेदनशील इलाकों में लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा