जमशेदपुर: ऑपरेशन प्रहार के तहत 9.2 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार; ₹31,360 नकद भी जब्त

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जमशेदपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 9 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान ₹31,360 नकद भी बरामद किए गए हैं।ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि एमजीएम थाना क्षेत्र के बेको निवासी संतोष महतो उर्फ बुद्धू महतो गांजा तस्करी के कारोबार में शामिल है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर उसके घर पर छापेमारी की।

घर से 7.2 किलो गांजा और नकदी बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने संतोष महतो के घर से 7 किलो 200 ग्राम गांजा और ₹6,400 नकद बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पश्चिम बंगाल के बंदवान से गांजा मंगवाता है और उसी दिन दो तस्कर उसके पास खेप लेकर आने वाले थे।

घेराबंदी कर दो और तस्करों को दबोचा

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बेको से छोटा बांकी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास से 2 किलो गांजा और ₹24,960 नकद बरामद हुए।इस कार्रवाई में कुल 9 किलो 200 ग्राम गांजा और ₹31,360 नकद जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹4.5 लाख है।

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

सिदगोड़ा पंचमुखी हनुमान-शिव मंदिर में निकलेगी 501 कलश यात्रा, सावन की पहली सोमवारी पर होगा जलाभिषेक

स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां तेज, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध व्यवस्था के निर्देश