जमशेदपुर : साकची थाना अंतर्गत जुबली पार्क गेट के समीप मंगलवार दोपहर चोरों ने बड़ी दुस्साहस दिखाते हुए एक बैंक कर्मी की मोटरसाइकिल चोरी कर ली। घटना उस समय हुई जब जुबली पार्क जैसे व्यस्त इलाके में लोगों की काफी चहल-पहल थी।
15 मिनट के भीतर वारदात को दिया अंजाम
वाहन मालिक प्रेम कुमार, जो इंडसइंड बैंक में ब्रांच हेड के पद पर कार्यरत हैं, ने घटना की जानकारी देते हुए बताया दोपहर लगभग 4:00 बजे वे जुबली पार्क गेट के पास चाय पीने के लिए रुके थे। वे अपनी बाइक खड़ी कर अपने एक साथी के साथ पास के गोलचक्कर तक गए थे। मात्र 15 मिनट बाद जब वे 4:15 बजे वापस लौटे, तो उनकी मैरून रंग की होंडा शाइन वहां से गायब थी। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।
व्यस्त इलाके में चोरी , चर्चा का विषय
जिस स्थान से बाइक चोरी हुई, वहां हमेशा लोगों और सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी रहती है। ऐसे में दिनदहाड़े और भीड़ के बीच से वाहन की चोरी कर लेना चोरों के बढ़ते मनोबल को दर्शाता है। यह घटना स्थानीय लोगों और व्यापारियों के बीच चर्चा और चिंता का विषय बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद साकची थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रेम कुमार का बयान दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
