रामगढ़ : रामगढ़ जिला पुलिस ने पतरातु थाना क्षेत्र के हेसला गांव में छापेमारी कर राहुल दुबे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने एक 9 एमएम देशी कारबाइन समेत कई घातक हथियार बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने हाल ही में ओसम डेयरी प्लांट में हुई फायरिंग की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गुप्त सूचना पर एएसपी के नेतृत्व में कार्रवाई
रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को 13 अप्रैल की रात सूचना मिली थी कि गैंग के कुछ सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए हेसला क्षेत्र में जमा हुए हैं।एसपी के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। टीम ने हेसला स्थित टाइप-2 काली मंदिर मैदान के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया।
बरामद हथियारों की सूची
पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बाइक (JH 02AB 5319) पर सवार दो युवकों को पकड़ा, जिनकी तलाशी लेने पर 01 देशी कारबाइन (9 एमएम), 02 जिंदा कारतूस (9 एमएम),01 देशी पिस्टल (7.65 एमएम),03 जिंदा कारतूस (7.65 एमएम) और 01 हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुआ।
गिरफ्तार अपराधियों का विवरण
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण करमाली (19 वर्ष): इसके पास से 7.65 एमएम की पिस्टल बरामद हुई और शिवम मिश्रा उर्फ नंदू (23 वर्ष): यह राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य है।पूछताछ के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि वे गिरोह के लिए काम करते हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। उन्होंने 4 अप्रैल को पतरातु स्थित ओसम डेयरी प्लांट में दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई फायरिंग में भी अपनी भूमिका कबूल की है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में पतरातु थाना कांड संख्या 91/26 दर्ज किया है। आरोपियों को विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके संपर्कों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
