जमशेदपुर: खरकई नदी से अज्ञात किशोर का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित बड़ौदा घाट के पास खरकई नदी से शनिवार सुबह एक अज्ञात किशोर का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

नहाने गए लोगों ने देखा नदी में तैरता किशोर

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कुछ लोग खरकई नदी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के पानी में तैर रहे एक किशोर पर पड़ी। लोगों ने तत्काल उसे पानी से बाहर निकालकर किनारे लाया।स्थानीय लोगों के मुताबिक, जब किशोर को नदी से निकाला गया तब उसकी सांस चल रही थी। मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी

प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस को किशोर के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज भी नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके।

गुमशुदगी के मामलों से किया जा रहा मिलान

पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किशोर कहां का रहने वाला था तथा वह नदी तक कैसे पहुंचा। इसके अलावा आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान किया जा रहा है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं अज्ञात किशोर की पहचान नहीं होने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

More From Author

जमशेदपुर में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ हुई बारिश, गर्मी से मिली राहत

आदित्यपुर में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन तार की चपेट में आया कंटेनर, चालक की मौत