कपाली। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी अंतर्गत वार्ड नंबर-5 में रविवार को अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। रंगदारी देने से मना करने पर बदमाशों ने अफसर नवाज नामक व्यक्ति पर फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर पैदल ही मौके से फरार होने में सफल रहे।
प्लॉट पर काम के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के जाकिरनगर रोड नंबर-20 निवासी अफसर नवाज ने कपाली वार्ड नंबर-5 में एक जमीन का प्लॉट खरीदा है। रविवार को वे अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य करवा रहे थे। इसी दौरान तीन युवक पैदल वहां पहुंचे और काम रोकने की धमकी देते हुए रंगदारी (लेवी) की मांग करने लगे।
विरोध करने पर की फायरिंग
जब अफसर नवाज ने रंगदारी देने से साफ इनकार कर दिया और विरोध जताया, तो तीनों युवक उग्र हो गए। उनमें से एक अपराधी ने पिस्तौल निकाली और अफसर को लक्ष्य कर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।पहली गोली अफसर के पैर में लगी और आर-पार हो गई।दूसरी गोली उनके सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
मौके से मिले दो खोखे, जांच में जुटी पुलिस
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसे देख अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए हैं। घायल अफसर को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से कपाली और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।संदिग्धों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
