Views: 20
जमशेदपुर। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 558वें प्रकाश पर्व के मद्देनजर जुस्को प्रशासन शुक्रवार से नगर कीर्तन मार्ग की मरम्मत और पेड़ों की लटकती टहनियों की छंटाई का काम शुरू करेगा। टाउन जीएम आरके सिंह ने भाजपा के युवा सिख नेता सतबीर सिंह ‘सोमू’ को यह आश्वासन दिया है।
सिख सांझी आवाज के प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा अनुरोध पत्र
गुरुवार को सतबीर सिंह ‘सोमू’ के नेतृत्व में सिख सांझी आवाज के बैनर तले एक प्रतिनिधिमंडल जुस्को मुख्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने टाउन जीएम आरके सिंह से मुलाकात कर नगर कीर्तन मार्ग की मरम्मत और पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराने का अनुरोध किया। इस संबंध में उन्हें मांग पत्र भी सौंपा गया।आरके सिंह ने इसे अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि संस्थापक के नीति-सिद्धांतों और उद्देश्यों के प्रति प्रबंधन अडिग है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शुक्रवार से आवश्यक काम शुरू करा दिया जाएगा।
सोनारी से साकची गुरुद्वारा तक निकलेगा नगर कीर्तन
सतबीर सिंह ‘सोमू’ के अनुसार, मंगलवार को सोनारी गुरुद्वारा साहिब से विशाल नगर कीर्तन निकलेगा। यह कागलनगर टैंक रोड, रिवर मीट रोड, बेल्डीह रोड, जुस्को मुख्यालय गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड, कीनन स्टेडियम, साकची गोलचक्कर और न्यू कालीमाटी रोड होते हुए गुरुद्वारा साहिब, साकची पहुंचेगा।करीब साढ़े सात किलोमीटर लंबे इस मार्ग से लगभग 18 फीट ऊंची श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी गुजरेगी।
सड़कों की मरम्मत और पेड़ों की छंटाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने अनुरोध किया कि नगर कीर्तन के सुचारू आवागमन और बड़ी संख्या में संगत व नगरवासियों की भागीदारी को देखते हुए मार्ग पर जरूरी इंतजाम किए जाएं। इसके लिए सड़कों के किनारे लगे पेड़ों की नीचे लटकती शाखाओं की छंटाई, सड़क पर बने गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने की मांग की गई, ताकि नगर कीर्तन के दौरान किसी तरह की असुविधा या अवरोध न हो।इस दौरान चंचल भाटिया, नवजीत सिंह सोहल, करमजीत सिंह कम्मा सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
