जमशेदपुर: एनएच-33 पर काफिला रुकवाकर खेत में उतरीं विधायक पूर्णिमा दास साहू; महिलाओं संग की धान रोपनी, ताजा हुईं बचपन की यादें

जमशेदपुर/तमाड:जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने एक बार फिर अपने सादगी भरे अंदाज से लोगों का दिल जीत लिया है। रांची से जमशेदपुर लौटने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर तमाड़ के नीरूडीह गांव के समीप उन्होंने खेत में ग्रामीण महिलाओं को धान रोपते देखा। किसानों और महिलाओं का यह समर्पण देख विधायक खुद को रोक नहीं सकीं और अपना काफिला रुकवाकर सीधे कीचड़ भरे खेत में उतर गईं।

महिलाओं के साथ रोपा धान; जानीं खेती-किसानी की समस्याएं

कीचड़ और पानी से भरे खेत में पहुंचकर विधायक पूर्णिमा दास साहू ने ग्रामीण महिलाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर धान की रोपनी की। एक जनप्रतिनिधि को अचानक अपने बीच खेत में काम करते देख ग्रामीण महिलाओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने गर्मजोशी से विधायक का स्वागत किया। रोपनी के दौरान विधायक ने महिलाओं और स्थानीय किसानों से इस वर्ष की बारिश, सिंचाई की सुविधाओं, खाद-बीज की उपलब्धता और खेती से जुड़ी अन्य व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से बातचीत की।

“किसान देश की रीढ़ हैं” — विधायक पूर्णिमा दास साहू

खेत में काम करने के बाद विधायक पूर्णिमा दास साहू ने किसानों के परिश्रम को नमन करते हुए कहा “किसान और हमारी श्रमजीवी बहनें इस देश की असली रीढ़ हैं। कड़ी धूप, बारिश और मौसम की हर चुनौती का सामना करते हुए जब वे खेतों में पसीना बहाते हैं, तभी हम सभी की थाली तक अन्न पहुंच पाता है। उनके इस निस्वार्थ संघर्ष और मेहनत का सम्मान करना हम सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का नैतिक दायित्व है।”

“बुहारी (बुआ) के घर की याद आ गई” — भावुक हुईं विधायक

इस दौरान विधायक ने अपने बचपन के दिनों के संस्मरण साझा करते हुए काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा “आज जैसे ही मैंने खेत में कदम रखा, मुझे तुरंत अपने बचपन के दिन याद आ गए। जब मैं छोटी थी तो अपनी बुआ के घर जाया करती थी और वहां गांव की महिलाओं के साथ हंसते-खेलते धान की रोपनी करती थी। आज कई सालों बाद फिर से वही मिट्टी की सोंधी खुशबू और अपनों के साथ काम करने का अनुभव मिला, जिसने मन को गहराई से छू लिया।”

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, ग्रामीणों ने की तारीफ

विधायक के इस सहज और आत्मीय व्यवहार की नीरूडीह गांव की महिलाओं ने मुक्तकंठ से सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूमने वाले नेताओं का इस तरह ज़मीन पर आकर आम जनता के सुख-दुख और मेहनत में सहभागी बनना बेहद प्रेरणादायक है।खेत में धान रोपते हुए विधायक का यह वीडियो और तस्वीरें स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लीं, जो अब इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर काफी पसंद और शेयर की जा रही हैं।

More From Author

जमशेदपुर: रंगदारी नहीं देने पर दुकानदार पर चापड़ से हमला, एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारियों का लंबित पीएफ भुगतान जल्द कराने की मांग, एआईटीयूसी ने पीएफ कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन