जमशेदपुर: 3 मई को 8 केंद्रों पर होगी नीट (यूजी )परीक्षा, 4231 परीक्षार्थी होंगे शामिल

जमशेदपुर : जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी 3 मई को होने वाली स्नातक स्तरीय प्रवेश परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिले के आला अधिकारियों और केंद्र प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी

परीक्षार्थियों की संख्या: कुल 4,231 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। जमशेदपुर के 6 प्रमुख शिक्षण संस्थानों में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी।
परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। इसके बाद गेट बंद कर दिए जाएंगे।

इन केंद्रों पर होगी परीक्षा

लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज, करनडीह

को-ऑपरेटिव कॉलेज

विमेन्स यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर

द ग्रेजुएट कॉलेज फॉर वीमेन्स

राजकीय आदिवासी हाई स्कूल, सीतारामडेरा

एलबीएसएम कॉलेज, गोलमुरी

उपायुक्त के कड़े निर्देश: “कोताही बर्दाश्त नहीं”

उपायुक्त राजीव रंजन ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए बिंदुवार निर्देश जारी किए हैं। एनटीए के गाइडलाइन के अनुसार, पारदर्शिता के लिए केवल सरकारी कर्मियों की ही इनविजिलेटर के रूप में प्रतिनियुक्ति की जाएगी। केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी शारीरिक जांच होगी और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों को सैनिटाइज कर सील कर दिया जाएगा।

यातायात और सुरक्षा

शहर के प्रमुख चौराहों और केंद्रों के बाहर भीड़ नियंत्रण के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती होगी। ट्रैफिक डीएसपी को सुगम यातायात सुनिश्चित करने का जिम्मा सौंपा गया है।

मूलभूत सुविधाओं पर जोर

बैठक में पेयजल, शौचालय और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उपस्थिति

इस समीक्षा बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), डीटीओ, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, डीआईओ, डीएसपी ट्रैफिक और विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित कॉलेज प्रबंधन के प्रतिनिधि मुख्य रूप से शामिल थे।

More From Author

दलमा में ‘विशु शिकार’ पर पहरा: अंतरराज्यीय सीमाओं पर अभेद्य किलेबंदी; वन विभाग का ‘सर्च ऑपरेशन’ तेज