जमशेदपुर: जाकिर नगर में नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन, विधायक सरयू राय ने किया शुभारंभ

जमशेदपुर। लौहनगरी के मानगो क्षेत्र के निवासियों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। मानगो के जाकिर नगर रोड नंबर 18 में नवनिर्मित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार (9 जून) को विधिवत उद्घाटन किया गया। इस उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्वी के स्थानीय विधायक सरयू राय उपस्थित रहे।

विधायक सरयू राय ने फीता काटकर किया शुभारंभ

समारोह के दौरान विधायक सरयू राय ने विधिवत फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर नए स्वास्थ्य केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आम जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा “स्थानीय स्तर पर गरीब और मध्यम वर्ग को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से अब जाकिर नगर और आसपास की एक बड़ी आबादी को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए दूर बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।”

एक ही छत के नीचे मिलेंगी ये मुख्य स्वास्थ्य सेवाएं

रोड नंबर 18 स्थित इस नए केंद्र के खुल जाने से स्थानीय लोगों को उनके घर के समीप ही कई तरह की बुनियादी चिकित्सा सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी, जिनमें मुख्य रूप से सामान्य बीमारियों का प्राथमिक उपचार और ओपीडी परामर्श,बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए नियमित टीकाकरण की व्यवस्था,मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जांच व परामर्श और मुफ्त सरकारी दवाइयों का वितरण शामिल हैं।

इलाके के लोगों में खुशी की लहर

जाकिर नगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र में सरकारी स्वास्थ्य केंद्र की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस केंद्र की शुरुआत होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि यह स्वास्थ्य केंद्र इस पिछड़े क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उद्घाटन के दौरान सिविल सर्जन कार्यालय के अधिकारी, चिकित्सा कर्मी और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

More From Author

बोड़ाम के चामेडीह गांव में उत्पाद विभाग की छापेमारी, 50 बोतल बीयर जब्त, एक गिरफ्तार

सोनारी एयरपोर्ट में फुल-स्केल इमरजेंसी मॉक ड्रिल, विमान दुर्घटना से निपटने की तैयारियों का हुआ परीक्षण