जमशेदपुर: कारगिल विजय दिवस पर संस्था ‘यात्रा’ ने शहीद स्मारक में अमर बलिदानियों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि; ‘भारत माता की जय’ से गुंजायमान हुआ गोलमुरी

जमशेदपुर:कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर जमशेदपुर की सामाजिक संस्था ‘यात्रा – एक नई जीवन की शुरुआत’ द्वारा देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को नमन किया गया। संस्था की अध्यक्ष श्रीमती रीना सिंह के नेतृत्व में संस्था के दर्जनों सदस्यों ने गोलमुरी स्थित ‘शहीद स्मारक’ पहुंचकर कारगिल युद्ध के पराक्रमी वीर जवानों की प्रतिमा व स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

2 मिनट का मौन रख शहीदों के अदम्य साहस को किया याद

गोलमुरी शहीद स्मारक पर आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों व सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उपस्थित लोगों ने वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और भारत माता के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।

“शहीदों का त्याग राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा है” — रीना सिंह

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए संस्था की अध्यक्ष श्रीमती रीना सिंह ने कहा “कारगिल विजय दिवस केवल हमारी सैन्य विजय का ऐतिहासिक उत्सव नहीं है, बल्कि यह उन अमर वीरों के अद्वितीय त्याग, समर्पण और देशभक्ति को नमन करने का दिन है, जिन्होंने बर्फीली चोटियों पर भारत मां की रक्षा के लिए अपनी हंसते-हंसते कुर्बानी दे दी। देश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं का यह परम कर्तव्य है कि वे शहीदों के आदर्शों और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलते हुए देश की उन्नति में अपना योगदान दें।”

देश की एकता और अखंडता का लिया संकल्प

कार्यक्रम के समापन सत्र में उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति सदैव समर्पित रहने का सामूहिक संकल्प लिया। पूरे परिसर में शहीदों के सम्मान में “भारत माता की जय”, “अमर रहे – वीर शहीद अमर रहे” और “जय हिंद” के देशभक्तिपूर्ण नारों की गूंज सुनाई दी।

More From Author

जमशेदपुर: विधायक सरयू राय के बारिडीह स्थित आवास पर 25 साल पुरानी रामार्चा पूजा की तिथि बदली; अब 21 नवंबर को देवउठान एकादशी पर होगा आयोजन