जमशेदपुर: ब्राउन शुगर का विरोध करना पड़ा महंगा, पीड़ित ने थाना प्रभारी पर धमकी देने का लगाया आरोप

जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के मकदमपुर निवासी मोहम्मद सगीर ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में ब्राउन शुगर के कथित कारोबार का विरोध करना उन्हें महंगा पड़ गया। उन्होंने दावा किया कि बस्तीवासियों के सहयोग से नशे के कारोबार को बंद कराने के बाद उनके साथ मारपीट की गई और अब उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। मामले में उन्होंने एसएसपी से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मारपीट में हाथ टूटने का लगाया आरोप

मोहम्मद सगीर के अनुसार, ब्राउन शुगर के कथित संचालकों ने साजिश के तहत उनके साथ मारपीट की, जिससे उनका हाथ टूट गया। उन्होंने इस संबंध में परसुडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि उनके खिलाफ भी काउंटर केस दर्ज कर दिया गया है।

थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप

पीड़ित ने परसुडीह थाना प्रभारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कथित हमलावरों ने थाना प्रभारी की मौजूदगी में उनके साथ मारपीट की, लेकिन आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई। सगीर का आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।

एसएसपी से की कार्रवाई की मांग

मोहम्मद सगीर ने कहा कि कथित आरोपियों के सहयोगियों द्वारा उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, थाना प्रभारी की भूमिका की जांच करने तथा अपने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

More From Author

जमशेदपुर: मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज; डीसी राजीव रंजन ने किया बूथों का निरीक्षण, आज से घर-घर जाएंगे बीएलओ

हिमांशु हत्याकांड: दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस दर्ज हो, स्पीडी ट्रायल चले- भानु प्रताप शाही