जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के नए उपायुक्त के रूप में राजीव रंजन ने पदभार संभाल लिया है। उन्हें निवर्तमान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने औपचारिक रूप से पदभार सौंपा।पदभार ग्रहण करने के बाद नए उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं को आगे बढ़ाते हुए उन्हें बेहतर ढंग से क्रियान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।
योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू करना प्राथमिकता
राजीव रंजन ने कहा कि सामान्यत: सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान छोटी-मोटी कठिनाइयां आती रहती हैं। उनका प्रयास रहेगा कि इन समस्याओं को दूर कर योजनाओं को सफल बनाया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि उनके पूर्ववर्ती उपायुक्त जिन योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहे थे, उन्हें भी पूरा करने की दिशा में काम किया जाएगा।
कर्ण सत्यार्थी ने जताया सभी के सहयोग के लिए आभार
वहीं, स्थानांतरित उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि जिले में उन्हें सभी का सहयोग मिला। उन्होंने बताया कि राज्य और केंद्र सरकार की जनहित से जुड़ी योजनाओं को लागू करने के लिए उन्होंने अपनी ओर से पूरा प्रयास किया।एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति के नहीं रहने से काम नहीं रुकता, बल्कि सिस्टम उसे आगे बढ़ाता रहता है।
