Views: 2
जमशेदपुर। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। उपायुक्त के नेतृत्व में आयोजित यह रैली समाहरणालय परिसर से शुरू होकर साकची गोलचक्कर तक पहुंची। इस दौरान आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने का दिया संदेश
जिला परिवहन कार्यालय की ओर से आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को सुरक्षित वाहन परिचालन के प्रति जागरूक करना था। रैली के माध्यम से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने का संदेश दिया गया।इसके साथ ही वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।
थोड़ी सी सावधानी बचा सकती है जान
रैली के दौरान उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने जागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर जोर दिया।अभियान के दौरान लोगों को संदेश दिया गया कि थोड़ी सी सावधानी और यातायात नियमों का पालन कर कई सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। रैली का मुख्य संदेश ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ रहा।
