जमशेदपुर: प्रतिमा विसर्जन में आतिशबाजी को लेकर भिड़े पूजा कमेटी के दो गुट, थाना गेट पर प्रतिमा रखकर सड़क जाम

Views: 4

जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमथनगर में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान आतिशबाजी को लेकर पूजा कमेटी के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में दोनों पक्षों के दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट से आक्रोशित पूजा कमेटी के सदस्यों ने परसुडीह थाना के मुख्य गेट के सामने मां दुर्गा की प्रतिमा रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे करनडीह मुख्य मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

विसर्जन के दौरान विवाद, धारदार हथियार से हमले का आरोप

हलुदबनी के चित्तरंजन लेन निवासी 52 वर्षीय नरेन नंदी ने परसुडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, शाम करीब छह बजे प्रतिमा विसर्जन के दौरान मानिक मल्लिक, रघु मल्लिक और शुभम झा ने कथित तौर पर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से उन पर हमला किया।हमले में घायल नरेन नंदी का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया, जहां उनके सिर पर तीन टांके लगाए गए। वहीं, दूसरे पक्ष के भी एक युवक के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से लिखित आवेदन मिलने की बात कही गई है।

थाना गेट के सामने प्रतिमा रखकर किया प्रदर्शन

मारपीट की घटना से नाराज प्रमथनगर पूजा कमेटी के सदस्यों ने परसुडीह थाना के मुख्य गेट के सामने मां दुर्गा की प्रतिमा रख दी और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से करनडीह मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस अधिकारियों ने समझाकर हटवाई प्रतिमा

घटना और सड़क जाम की सूचना मिलने पर लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी अमित कुमार तथा ट्रैफिक प्रभारी अजय कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।समझाने-बुझाने के बाद मां दुर्गा की प्रतिमा को थाना गेट के सामने से हटाया गया और विसर्जन के लिए रवाना किया गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों को थाने बुलाकर घटना के संबंध में जानकारी ली गई।

मानिक मल्लिक और उनके बेटे की गिरफ्तारी की मांग

पूर्व जिला परिषद सदस्य सुदीप्तो डे राणा ने शांतिपूर्ण दुर्गा पूजा के दौरान विवाद पैदा करने का आरोप लगाते हुए मानिक मल्लिक और उनके बेटे को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।

दोनों पक्षों से आवेदन, जांच में जुटी पुलिस

परसुडीह पुलिस के अनुसार, दुर्गा पूजा कमेटी के दो गुटों के बीच आपसी विवाद को लेकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं और दोनों ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। अब पुलिस जांच और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर आगे की कार्रवाई पर नजर है।

More From Author

जमशेदपुर में धूमधाम से हुआ रावण दहन, छोटा गोविंदपुर में 51 फीट के रावण का पुतला जला

मझगांव में बोलेरो की टक्कर से 6 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल, वाहन और चालक गिरफ्त में